राज्य
19-Apr-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में इन दिनों लोगों को दोहरी मौसमीय मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर आसमान से सूरज आग बरसा रहा है और राज्य के करीब 7 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आज से अगले 3 दिनों तक सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के विभिन्न इलाकों में बेमौसम यानी असमय बारिश की संभावना जताई है। भीषण गर्मी, उमस और अब बारिश की आशंका ने आम लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इन दोनों सिस्टमों के असर से राज्य के अलग-अलग जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश का माहौल बना रहेगा। आज राज्य के 8 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें अमरेली, भावनगर, छोटा उदेपुर और नर्मदा में छिटपुट मावठा पड़ने की संभावना है। इसके अलावा तापी, डांग, नवसारी और वलसाड के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश दमण और दादरा-नगर हवेली में भी बारिश का अनुमान जताया गया है। 20 अप्रैल को भी सौराष्ट्र के अमरेली और भावनगर सहित दक्षिण गुजरात के तापी, डांग, नवसारी, वलसाड और केंद्र शासित प्रदेशों में बेमौसम पड़ने की संभावना है। वहीं 21 अप्रैल को अमरेली और भावनगर के साथ सूरत और भरूच में भी असमय बारिश हो सकती है। सतीश/19 अप्रैल