राज्य
19-Apr-2026


:: भीकनगाँव के साईंखेड़ी में पलटा था कपास से भरा ट्रक; पुलिस की तत्परता से मिली समय पर मदद :: खरगोन/इंदौर (ईएमएस)। आपातकालीन सेवाओं की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता का एक प्रेरक उदाहरण खरगोन जिले के भीकनगाँव थाना क्षेत्र में देखने को मिला। यहाँ डायल-112 के हीरोज ने तत्परता दिखाते हुए एक गंभीर सड़क दुर्घटना में घायल ट्रक चालक को समय पर अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मध्य प्रदेश पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। घटना 17 अप्रैल की है, जब साईंखेड़ी क्षेत्र में कपास से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ट्रक का चालक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम (भोपाल) को सूचना मिलते ही भीकनगाँव क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरवी वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। :: फरिश्ता बनकर पहुँचे जवान :: सूचना मिलते ही स्टाफ आरक्षक राजेश सोनवानी और पायलट अजय कन्नौज कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुँच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवानों ने बिना समय गंवाए घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल शासकीय अस्पताल भीकनगाँव पहुँचाया। समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलने से चालक की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। :: सदैव सजग है डायल-112 :: डायल-112 हीरोज श्रृंखला के तहत पुलिस की यह प्रतिबद्धता दर्शाती है कि आपात स्थितियों में यह सेवा आमजन के लिए एक भरोसेमंद साथी के रूप में कार्य कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों में जवानों की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल एक जीवन बचा, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता के प्रति जनता का विश्वास भी और अधिक सुदृढ़ हुआ है। प्रकाश/19 अप्रैल 2026