राज्य
19-Apr-2026
...


:: ग्राम सोनवाड़ा में प्रशासन का छापा; 434 क्विंटल गेहूं और चना जब्त, दस्तावेज नहीं दिखा पाया व्यापारी :: खरगोन/इंदौर (ईएमएस)। क्षेत्र में अवैध भंडारण और कृषि उपज के अनियमित व्यापार के विरुद्ध प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एसडीएम भीकनगांव लोकेश छापरे के नेतृत्व में राजस्व और मंडी दल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को खरगोन जिले के ग्राम सोनवाड़ा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहाँ एक गैर-अनुज्ञप्तिधारी (बिना लाइसेंस वाले) व्यापारी के गोदाम पर छापा मारकर अवैध रूप से भंडारित भारी मात्रा में अनाज उजागर किया गया। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर दल ने गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि सोनवाड़ा में नियमों को ताक पर रखकर बड़े पैमाने पर अनाज का संग्रह किया जा रहा है। राजस्व और मंडी विभाग के संयुक्त दल ने जब गोदाम का औचक निरीक्षण किया, तो वहां गेहूं और चने का विशाल स्टॉक मिला। तस्दीक करने पर मौके पर लगभग 210 क्विंटल गेहूं और 224 क्विंटल चना पाया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अनियमित व्यापारियों में हड़कंप मच गया। :: नहीं मिले क्रय-विक्रय के दस्तावेज :: निरीक्षण के दौरान जब दल ने व्यापारी से अनाज भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस, व्यापार अनुमति पत्र और कृषकों से किए गए क्रय-विक्रय के रसीद-दस्तावेज मांगे, तो व्यापारी कोई भी वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। बिना किसी रिकॉर्ड के इतनी बड़ी मात्रा में अनाज का भंडारण करना प्रथम दृष्टया नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके बाद दल ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की। :: कृषकों के हितों से समझौता नहीं : एसडीएम एसडीएम लोकेश छापरे ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस के व्यापार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियां न केवल सरकारी राजस्व को चूना लगाती हैं, बल्कि सीधे तौर पर कृषकों के हितों के विरुद्ध भी हैं। प्रशासन अब इस प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहा है और संबंधित अधिनियमों के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी में है। जिले में आगे भी इस प्रकार का सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। प्रकाश/17 अप्रैल 2026