खेल
19-Apr-2026
...


:: नन्हे खिलाड़ियों को मिलेगी प्राथमिकता :: इंदौर (ईएमएस)। खेलों के प्रति बच्चों में उत्साह जगाने और उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के उद्देश्य से सरताज अकादमी द्वारा 32वां ग्रीष्मकालीन जूनियर बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। नारायण बाग बाल विकास केंद्र स्थित बैडमिंटन हॉल में यह शिविर 21 अप्रैल से शुरू होगा। तीन चरणों में आयोजित होने वाले इस शिविर में 5 से 18 वर्ष तक की आयु के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। सरताज अकादमी के प्रबंध निदेशक और मुख्य प्रशिक्षक धर्मेश यशलहा ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य केवल खेल सिखाना ही नहीं, बल्कि बेहतर खिलाड़ी और बेहतर नागरिक बनाना है। शिविर की दैनिक गतिविधियों में तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिदिन योग, ध्यान और संकल्प सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास संतुलित हो सके। शिविर की चयन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए यशलहा ने कहा कि इसमें चुनिंदा बच्चों को ही प्रवेश दिया जाएगा। विशेष रूप से कम आयु वर्ग के बच्चों और साल भर नियमित खेलने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशिक्षण के अंत में बच्चों के कौशल परीक्षण के लिए एक बैडमिंटन स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी, जिसमें वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। नारायण बाग बाल विकास केंद्र में यह आयोजन विगत 31 वर्षों से निरंतर जारी है। शिविर में प्रवेश और अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभिभावक प्रतिदिन शाम 6 से 8 बजे के बीच प्रशिक्षक धर्मेश यशलहा से सीधे सम्पर्क कर सकते हैं। प्रकाश/17 अप्रैल 2026