राष्ट्रीय
20-Apr-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने अपने यूजर्स के लिए एक बेहद खास और बहुप्रतीक्षित फीचर पेश किया है। अब यूजर्स अपनी फीड से शॉर्ट्स वीडियो को पूरी तरह से हटा या बंद कर सकेंगे। इसके लिए प्लेटफॉर्म ने जीरो मिनट टाइम लिमिट का विकल्प उपलब्ध कराया है, जो उन लोगों के लिए बेहद मददगार साबित होगा जो अपना समय बचाना चाहते हैं या केवल लंबे वीडियो देखना पसंद करते हैं। हालांकि यूट्यूब ऐप में अभी भी कोई सीधा डिसेबल शॉर्ट्स बटन मौजूद नहीं है, लेकिन इस नए अपडेट और कुछ अन्य तरीकों से इन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। डेस्कटॉप यूजर्स फिल्टरट्यूब जैसे ब्राउज़र एक्सटेंशन का उपयोग करके शॉर्ट्स और कमेंट्स को ब्लॉक कर सकते हैं। इसके अलावा, होम फीड में शॉर्ट्स सेक्शन के पास दिए गए एक्स (हाइड) बटन पर क्लिक करके इन्हें 30 दिनों के लिए छिपाया जा सकता है। मोबाइल यूजर्स के लिए भी कई विकल्प मौजूद हैं। यदि आप ऐप के बजाय मोबाइल ब्राउज़र में डेस्कटॉप साइट मोड का उपयोग करते हैं, तो वहां एक्सटेंशन के जरिए शॉर्ट्स को रोका जा सकता है। साथ ही, शॉर्ट्स के ऊपर दिखने वाले तीन डॉट्स पर क्लिक करके नॉट इंटरेस्टेड का चुनाव करने से भी इनकी संख्या कम हो जाती है। बच्चों की सुरक्षा के लिए मोबिसिप जैसे पैरेंटल कंट्रोल ऐप का इस्तेमाल कर शॉर्ट्स सेक्शन को प्रतिबंधित किया जा सकता है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि वॉच हिस्ट्री क्लियर करने और सेटिंग्स में जाकर रिस्ट्रिक्टेड मोड चालू करने से भी अवांछित शॉर्ट्स वीडियो से छुटकारा पाया जा सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस 20 अप्रैल 2026