बीजापुर(ईएमएस)। जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक में निर्माणाधीन एक स्कूल भवन को लेकर गंभीर लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। चिंगनेर पंचायत में बन रहे इस भवन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। इसमें कथित तौर पर दिखाया गया है कि भवन में इस्तेमाल सामग्री इतनी कमजोर है कि उसे डंडे से आसानी से उखाड़ा जा सकता है। इस दृश्य ने स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि निर्माण कार्य में ठेकेदार और संबंधित इंजीनियर की मिलीभगत से घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि बस्तर संभाग में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार द्वारा शिक्षा के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूलों का निर्माण कर बच्चों को बेहतर सुविधाएं देने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इस तरह के आरोप इन प्रयासों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस मामले में प्रकाश सार्वे ने कहा है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले यह स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो में दिखाया गया भवन प्राथमिक शाला का है या किसी अन्य निर्माण से जुड़ा है, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 अप्रैल 2026