:: नारायण बाग में 5 से 18 वर्ष के बालक-बालिकाओं को मिलेगा प्रशिक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। नई पीढ़ी को खेल के साथ संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से सरताज अकादमी द्वारा 32वें ग्रीष्मकालीन जूनियर बैडमिंटन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 21 अप्रैल से किया जा रहा है। नारायण बाग बाल विकास केंद्र के बैडमिंटन हॉल में लगने वाला यह शिविर तीन चरणों में आयोजित होगा, जिसमें खेल के तकनीकी कौशल के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी जोर दिया जाएगा। सरताज अकादमी के प्रबंध निदेशक व वरिष्ठ प्रशिक्षक धर्मेश यशलहा ने बताया कि इस शिविर में 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं हिस्सा ले सकते हैं। प्रशिक्षण में उन बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी जो सालभर नियमित रूप से खेल से जुड़े रहते हैं। गौरतलब है कि नारायण बाग केंद्र पर पिछले 31 वर्षों से यह शिविर अनवरत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य ध्येय बेहतर खिलाड़ी के साथ बेहतर नागरिक बनाना है। खेल के अभ्यास के साथ ही शिविरार्थियों को प्रतिदिन योग, ध्यान और संकल्प भी कराया जाएगा ताकि वे मानसिक रूप से भी सशक्त बन सकें। शिविर में प्रवेश के लिए चुनिंदा बच्चों का ही चयन किया जाएगा, जिसमें कम आयु के बच्चों को विशेष वरीयता मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों के लिए बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन भी होगा, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। इच्छुक अभिभावक और खिलाड़ी शिविर में प्रवेश हेतु शाम 6 से 8 बजे के बीच प्रशिक्षक धर्मेश यशलहा से संपर्क कर सकते हैं। शहर की खेल परंपरा को जीवंत रखने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। प्रकाश/20 अप्रैल 2026