नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर के सोशल मीडिया पर साझा किये एक वीडियो से विवाद पैदा हो गया है। दरअसल, श्रेष्ठा अय्यर ने अपने नए वीडियो में अपनी एक नई बिल्ली का परिचय कराया और उसका नाम जीजी बताया। वहीं क्रिकेट प्रशंसकों के बीच जीजी नाम नाम का प्रयोग आमतौर पर कोच गौतम गंभीर के उपनाम के तौर पर किया जाता है, जो इस विवाद का कारण बन गया है। वीडियो में श्रेष्ठा अपनी बिल्ली को संबोधित करते हुए कुछ ऐसे वाक्य कहती हैं, जिन्हें प्रशंसक गंभीर पर सीधा और जानबूझकर किया गया निशाना मान रहे हैं। वह कहती हैं, हेलो दोस्तों, मिलिए मेरे नए बेबी ‘जीजी’ अभी छोटा बच्चा है, इसलिए उसे अभी कुछ चीजें सीखने की जरूरत है। उसे यह सीखना होगा कि ‘चिकन’ शब्द पर कैसे प्रतिक्रिया दी जाती है। यहां तक कि जब आप सो रहे हों, तब भी आपको ‘चिकन’ शब्द का जवाब देना होगा। सोशल मीडिया पर यूजर्स श्रेष्ठा के इन वाक्यों का गहरा विश्लेषण कर रहे हैं। वहीं कई लोग भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर की निर्णय लेने की क्षमता और उनकी समझ पर एक कटाक्ष मान रहे हैं। अंग्रेजी में चिकन शब्द का प्रयोग अक्सर डरपोक या कायर व्यक्ति के लिए किया जाता है। प्रशंसकों का मानना है कि श्रेष्ठा इसके माध्यम से गौतम गंभीर के कुछ फैसलों या उनकी शख्सियत को डरपोक या कायरतापूर्ण बताने की कोशिश कर रही हैं। इस तरह की टिप्पणियां सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई हैं, और लोगों ने इनपर कड़ी प्रतिक्रियाएं दी हैं।इस पूरे विवाद की जड़ श्रेयस अय्यर के प्रशंसकों के बीच लंबे समय से चली आ रही एक धारणा से जुड़ी है। उनके प्रशंसकों का यह मानना रहा है कि श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में वह सम्मान और श्रेय नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक अधिकारी थे। विशेष रूप से, 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने अपना तीसरा आईपीएल खिताब जीता था, जो एक बड़ी उपलब्धि थी। हालांकि, फैंस का मानना है कि इस ऐतिहासिक जीत का सारा श्रेय टीम के मेंटर गौतम गंभीर की रणनीतियों और फैसलों को दे दिया गया, जबकि कप्तान के तौर पर अय्यर की कड़ी मेहनत, नेतृत्व क्षमता और मैदान पर उनके योगदान को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया। ईएमएस 20 अप्रैल 2026