:: क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा; अयान ने कड़े संघर्ष में जीती बाजी :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब पर आयोजित क्वींस कॉलेज ऑल इंडिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की। बालक एवं बालिका 12 वर्ष आयु वर्ग के पहले दौर के मुकाबलों में जीत दर्ज कर प्रमुख खिलाड़ियों ने प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि क्वींस कॉलेज के निदेशक रमेश मूलचंदानी, इंदौर टेनिस क्लब के ट्रस्टी हेमंत पटवा, प्राचार्य गीता सोमशेखर और मध्य प्रदेश टेनिस संघ के संयुक्त सचिव अर्जुन धूपर के आतिथ्य में हुआ। अंडर-12 बालक एकल के मुकाबलों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रभावी रहा। ओजस मिश्रा ने जियान दुर्रानी को और अद्विश भार्गव ने अर्जुन कचोलिया को सीधे सेटों में 6-0, 6-0 के अंतर से शिकस्त दी। गुजरात के सान्या अगरिया ने रियान सुराना को 6-2, 6-0 से हराया, वहीं विहान देवधरे ने अद्विक गोयल पर 6-1, 6-1 से जीत दर्ज की। अर्जुन बिंद्रा ने विहान कालानी को 6-3, 6-0 से पराजित किया। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला अयान संवत्सर और गुजरात के साबिर अग्रेरिया के बीच खेला गया, जिसमें अयान ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी की और 4-6, 7-6(5), 6-2 से संघर्षपूर्ण जीत हासिल कर अगले दौर का टिकट पक्का किया। वहीं, अंडर-12 बालिका वर्ग में भी मध्य प्रदेश की प्रतिभाओं ने उत्कृष्ट खेल दिखाया। लावन्या शर्मा ने मान्यता कौशल को 6-0, 6-0 से करारी शिकस्त दी। प्रीशा शर्मा ने अनाया वाजपेयी को और वेदांशी खंडेलवाल ने वामिका शर्मा को एक समान अंतर 6-1, 6-1 से पराजित किया। ईरा सिंह ने सेरेनीति माहेश्वरी के विरुद्ध 6-1, 6-0 से आसान जीत दर्ज की, जबकि अभिनीति छाछरे ने मिराया अग्रवाल को 6-1, 6-2 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह का संचालन इरफान अहमद द्वारा किया गया। प्रकाश/20 अप्रैल 2026