खेल
20-Apr-2026
...


:: फिरोजिया ट्रॉफी के विजेताओं के लिए अतिरिक्त पुरस्कार की घोषणा; बोले- आधुनिक सुविधाओं से निखरेंगी प्रतिभाएं :: इंदौर/उज्जैन (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए शासन निरंतर कार्य कर रहा है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक खेल संरचना, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। शासन के इन्हीं प्रयासों का प्रतिफल है कि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं अब विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार देर रात उज्जैन के क्षीर सागर मैदान पर आयोजित फिरोजिया ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए घोषणा की कि उज्जैन के क्षीर सागर मैदान को नगर निगम और खेल विभाग के समन्वय से आधुनिक रूप में विकसित किया जाएगा। फाइनल मैच के रोमांचक संघर्ष के बीच मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को 1 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये का अतिरिक्त नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5 लाख 51 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार 2 लाख 51 हजार रुपये निर्धारित है। सांसद अनिल फिरोजिया ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनके पिता स्व. भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति में विगत 21 वर्षों से निरंतर आयोजित की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार मानते हुए कहा कि खेल के प्रति उनका समर्पण खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। इस वर्ष प्रतियोगिता में नारी शक्ति वंदन की भावना के अनुरूप महिला क्रिकेट मैच और मातृशक्ति सम्मान समारोह का विशेष आयोजन भी किया गया। 12 से 19 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, रवि सोलंकी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रोमांचक फाइनल मुकाबले का दर्शकों ने देर रात तक भरपूर आनंद लिया। प्रकाश/20 अप्रैल 2026