खरगोन (ईएमएस)। जिले के भगवानपुरा थानाक्षेत्र के वन ग्राम पीपलझोपा में अवैध शराब परिवहन के विरुद्ध आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हल्लाबोल प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब परिवहन पर रोक लगाने के साथ ग्राम के शराब ठेके को बंद करने की मांग को लेकर प्रभावी प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विगत दिवस ग्रामीणों द्वारा रात के अंधेरे में पिकअप वाहन से किए जा रहे अवैध शराब परिवहन मामला उजागर होने से नाराज होकर किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें बिना परमिट की ढाई सौ पेटी बीयर रखी हुई थी। इस शराब का परमिट दोगावां-मूलठान का बताया गया। ग्रामीणों का आरोप हैं कि ,बिना परमिट से क्षेत्र में शराब भिजवाई जा रही हैं। ग्राम पंचायत की अनुमति के बिना ही गांव में शराब दुकान संचालित की जा रही हैं, जो वन अधिनियम के विरुद्ध हैं। वन क्षेत्र में शराब दुकान होने वाले पर्यावरण प्रदुषण का हवाला देते हुए शराब दुकान हटाने की मांग की। करीब चार घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। ग्रामीण नानसिंह, ठूस्या पटेल, जयस के मुकेश बड़ोले, सुभाष डावर,भावेश खरते, खेलतीराम बड़ोले, महेश रावत, आदि ने बताया कि, वन क्षेत्र में धड़ल्ले से बेरोकटोक अवैध शराब बिक रही हैं,जिसपर रोक लगना चाहिए। साथ ही पीपलझोपा की शराब दुकान को भी हटाया जाए। यदि शराब दुकान नहीं हटाई गईं, तो जिले में आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आबकारी निरीक्षक मुकेश गौर मौके पर पहुंचे। पंचनामा बनाकर जब्त वाहन और शराब को जिला आबकारी विभाग लेकर आए। निरीक्षक ने बताया कि, बिना परमिट की शराब जब्त की है। लाइसेंसी सहस्त्रबाहु निमाड़ ग्रुप के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया हैं। नोटिस जारी कर जवाब लेंगे। इसके बाद शासकीय नियम अनुसार जुर्माना लिया जाएगा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी इलापसिंह मुजाल्दे भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचें। ईएमएस / 20/04/2026