खरगोन (ईएमएस)। इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे है। एक तरफ गर्मी अब खुलकर अपने तेवर दिखा रही है, तो दूसरी ओर रविवार रात बादल और बूंदाबांदी ने मोर्चा खोल दिया। जिसका असर सोमवार को सूरज के तीखे तेवरों के रूप में देखने को मिला। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप खिली जो दोपहर में झुलसाने लगी। सूरज के तीखे तेवरों के सामने पंखे, कूलर भी दम तोड़ते नजर आए। लोग पंखे-कूलर के सामने भी पसीने में तरबतर होते रहे। उमस भरी गर्मी से लोग बेचैन रहे। सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिसे और न्यूनतम तापमान 21.6 डिसे रहा। मौसम विभाग ने दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी है। बिना जरूरत घर से बाहर निकलने से परहेज करें। पानी और ठंडे तरल पदार्थ लेते रहें, क्योंकि आने वाले दिन शरीर को झुलसा देने वाले हो सकते हैं। गर्मी के चलते दोपहर में सड़के सुनसान नजर आई तो वही जो लोग बाहर निकले वे सिर से पैर तक कपड़े से ढंके नजर आए। ईएमएस / 20/04/2026