:: जिला प्रशासन की सक्रियता से ए ग्रेड में शुमार हुआ जिला; कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने टीम को दी बधाई :: बड़वानी (ईएमएस)। आमजन की शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निराकरण के मामले में बड़वानी जिले ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मार्च माह की रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़वानी जिला पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान पर रहा है। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों के चलते जिले को ए ग्रेड प्राप्त हुआ है। जिले की इस उपलब्धि में राजस्व, ऊर्जा, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित लगभग सभी प्रमुख विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विशेष बात यह है कि जिले के समस्त तहसीलदार और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भी अपनी कार्यप्रणाली के चलते ए ग्रेड में स्थान बनाने में सफल रहे हैं। खाद्य विभाग, सामाजिक न्याय, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, गृह और लोक निर्माण जैसे विभागों ने भी शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में तत्परता दिखाई है। जिले को प्रदेश के शीर्ष पायदान पर बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में भी आमजन की प्रत्येक समस्या का न केवल समय पर, बल्कि शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। :: इन विभागों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन :: रैंकिंग के अनुसार पिछड़ा वर्ग कल्याण, श्रम, जल संसाधन, किसान कल्याण, वन विभाग, आयुष और राज्य शिक्षा केंद्र सहित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने भी सराहनीय कार्य किया है। प्रशासन का ध्येय है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो। प्रकाश/20 अप्रैल 2026