--वाहन की पूजा करते पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा हाथरस (ईएमएस)। जनपद में आपातकालीन राहत एवं बचाव व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फायर ब्रिगेड कार्यालय से अग्निशमन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आधुनिक सुरक्षा उपकरण जंपिंग कुशन सिलेंडर की ड्रिल कर उसकी उपयोगिता और कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकुमार वाजपेयी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ड्रिल के दौरान बताया गया कि जंपिंग कुशन सिलेंडर एक विशेष प्रकार का हवा से भरने वाला सुरक्षा उपकरण है, जिसका उपयोग आग लगने, भवन दुर्घटना या ऊंची इमारतों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में किया जाता है।जानकारी दी गई कि जब किसी व्यक्ति के पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं होता और उसे ऊंचाई से नीचे कूदना पड़ता है, तब यह उपकरण नीचे लगाकर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करता है, जिससे गंभीर चोट या जान का खतरा कम हो जाता है।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस उपकरण का नियमित अभ्यास कराया जाए, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी राहत कार्य किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनपद में आमजन की सुरक्षा के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 20 अप्रैल 2026