राज्य
20-Apr-2026


:: प्रभारी कलेक्टर ने जारी किए आदेश; नर्सरी से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगी राहत, परीक्षाएं यथावत रहेंगी :: धार (ईएमएस)। जिले में बढ़ते तापमान और ग्रीष्म ऋतु की प्रचंडता को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने एक आदेश जारी कर जिले के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के समय में परिवर्तन कर दिया है। अब सभी स्कूल प्रातःकालीन पाली में संचालित होंगे। जारी आदेश के अनुसार, धार जिले के अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, निजी, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों (कक्षा नर्सरी से 12वीं तक) के अध्यापन का समय अब प्रातः 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 21 अप्रैल 2026 से जिले के समस्त विद्यालयों पर अनिवार्य रूप से प्रभावी हो जाएगी। :: परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं :: प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयीन समय में परिवर्तन केवल नियमित कक्षाओं के लिए किया गया है। वर्तमान में चल रही अथवा आगामी परीक्षाओं के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम और समयानुसार ही संचालित की जाएंगी। :: आदेश के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई :: प्रभारी कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और समस्त संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों में उक्त आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। यह निर्णय भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) के खतरों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है। प्रकाश/20 अप्रैल 2026