:: 30 अप्रैल तक जमा किए जा सकेंगे आवेदन :: धार (ईएमएस)। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा प्रदेश में विधिक गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धार को एक नवीन बहुउपयोगी वाहन प्राप्त हुआ है। इस वाहन की उपलब्धता से जिले के दूरस्थ और आदिवासी बाहुल्य ग्रामीण क्षेत्रों में विधिक साक्षरता कार्यक्रमों के संचालन में सुगमता आएगी। नवीन वाहन के माध्यम से शासन की विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं का क्रियान्वयन अब ग्रामीण अंचलों तक अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रदीप सोनी ने बताया कि इस वाहन के सुचारू संचालन हेतु एक वाहन चालक की नियुक्ति संविदा आधार पर की जानी है। यह नियुक्ति दो वर्ष की अवधि के लिए होगी, जिसके लिए शासन द्वारा निर्धारित मानदेय देय होगा। :: आवेदन हेतु महत्वपूर्ण जानकारी :: इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026, सायं 05:30 बजे तक निर्धारित की गई है। - कहाँ जमा करें : अभ्यर्थी अपना आवेदन कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर, धार में डाक के माध्यम से या स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत कर सकते हैं। - पात्रता एवं विवरण : भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता शर्तें एवं आवेदन का प्रारूप किसी भी कार्यदिवस में जिला न्यायालय परिसर स्थित कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। प्रकाश/20 अप्रैल 2026