राज्य
20-Apr-2026
...


:: पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा बोले- समाज को न्याय दिलाने में मिलेगी मजबूती; गांधी भवन में हुआ पदभार ग्रहण समारोह :: इंदौर (ईएमएस)। स्थानीय कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में वीरु झांझोट ने कांग्रेस अनुसूचित जाति (अजा) विभाग के शहर अध्यक्ष का पदभार विधिवत ग्रहण किया। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस की मजबूती और वंचित वर्ग के अधिकारों पर बल दिया गया। इस अवसर पर सज्जन सिंह वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि लंबे अंतराल के बाद शहर कांग्रेस को अनुसूचित जाति विभाग में एक सशक्त और जनसमूह जुटाने वाला नेतृत्व मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि झांझोट अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए अनुसूचित जाति व वंचित वर्ग को न्याय दिलाने में सार्थक भूमिका निभाएंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नवनियुक्त अध्यक्ष को ओजस्वी युवा नेता बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व आगामी चुनावों में कांग्रेस को सत्ता तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध होगा। पदभार ग्रहण करने के पश्चात वीरु झांझोट ने वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे इस पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वे वंचित वर्ग के हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए सड़क से सदन तक सतत संघर्षरत रहेंगे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। :: वरिष्ठ नेताओं ने साझा किए विचार :: कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन के प्रभारी पिंटू जोशी, शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव, राजेश चौकसे और अमन बजाज सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने झांझोट के संगठनात्मक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के जुड़ने से विभाग की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा का संचार होगा। समारोह में शैलेश गर्ग, शिव घावरी, अनिल यादव और कैलाश पथरोड़ ने भी झांझोट को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। :: कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम :: इस अवसर पर मुख्य रूप से मुकेश पुरी, प्रकाश महावर कोली, आशीष लोट, राजकुमार जाधव, अकील अत्ता, जीतू होलकर, शेख शाकिर, दानिश खान, गोपी जैन, अंकित जोशी और अभिषेक करोसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन देवेंद्र सिंह यादव ने किया तथा आभार शेलू सेन ने माना। पदभार ग्रहण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर हर्ष व्यक्त किया। प्रकाश/20 अप्रैल 2026