राज्य
20-Apr-2026


ऋषिकेश (ईएमएस)। चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस बल की तैनाती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऋषिकेश के क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उच्च स्तर पर बैठकों का दौर जारी है। बताया कि हाल ही में आईजी लॉ एंड ऑर्डर, एसएसपी देहरादून और जिलाधिकारी देहरादून द्वारा यात्रा के सुचारू संचालन के संबंध में समीक्षा बैठकें ली गई हैं। इसके अतिरिक्त, कमिश्नर गढ़वाल ने भी यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल की कमी के सवाल पर सीओ ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा पुलिस बल की जितनी भी आवश्यकता है, उसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। इसके अनुरूप, यात्रा रूटों पर पुलिस बल का पहुंचना भी शुरू हो गया है। नीरज सेमवाल ने आश्वस्त किया कि जैसे ही चारधाम यात्रा अपने पूरे शवाब पर होगी और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, पुलिस बल को भी उसी के अनुसार पूर्ण रूप से तैनात कर दिया जाएगा। मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण संपन्न हो। पुलिस प्रशासन ने ऋषिकेश को यात्रा का मुख्य पड़ाव मानते हुए यहां भी विशेष चैकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/20 अप्रैल 2026