राज्य
20-Apr-2026


:: रेडीमेड कॉम्प्लेक्स के पास हादसा; शादी की खरीदारी कर लौट रहा था दंपति, चालक वाहन सहित फरार :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के रेडीमेड कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई और उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सुखलिया निवासी रेखा जैन (48) और उनके पति राजेश जैन अपनी एक्टिवा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर अचेत हो गए, वहीं दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सक्रियता से दंपति को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने रेखा जैन को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश जैन का उपचार जारी है। उनकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। :: शादी की खुशियां मातम में बदली :: हादसे की जानकारी मिलते ही जैन परिवार और सुखलिया क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि परिवार में आगामी 27 अप्रैल को विवाह समारोह प्रस्तावित था, जिसके लिए दंपति बाजार से कपड़े और अन्य सामग्री खरीदकर लौट रहे थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतका के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। :: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस :: हीरानगर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा टक्कर मारकर भागने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन का सुराग मिल सके। क्षेत्रवासियों ने भी इस मार्ग पर बढ़ती वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है। प्रकाश/20 अप्रैल 2026