क्षेत्रीय
21-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में फर्जी RTO ई-चालान के नाम पर एक युवक से 7.42 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आरडीए कॉलोनी निवासी रोहित पाल को 10 से 16 अप्रैल के बीच एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को RTO अधिकारी बताते हुए लंबित चालान का हवाला दिया और जुर्माना भरने के लिए मोबाइल पर APK फाइल भेजी। आरोपी के कहने पर जैसे ही युवक ने फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके बैंक खाते से 7,42,209 रुपये ट्रांसफर कर लिए। अगले दिन बैंक से ट्रांजैक्शन मैसेज मिलने पर पीड़ित को ठगी का पता चला। पीड़ित ने मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और संदिग्ध कॉल से सतर्क रहें। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 21 अप्रैल 2026