21-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान के इशारों पर काम करने वाले गैंगस्टर और आईएसआई से संबंधित शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम करने वाले एक खतरनाक आपराधिक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजवीर (21 वर्ष) और विवेक बंजारा (19 वर्ष) बताई गई है। पुलिस ने दोनों को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम ने एनसीआर क्षेत्र में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग करने की साजिश रचने वाले भट्टी गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राजवीर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डाबरा क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, विवेक ग्वालियर का ही रहने वाला है। राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, विवेक बंजारा को 16 अप्रैल को ग्वालियर के डाबरा से दबोचने में कामयाबी मिली थी। इस बीच पुलिस को राजवीर के कब्जे से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनमें आपत्तिजनक वीडियो और वॉइस नोट्स मिले हैं। स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि शाहजाद भट्टी और उसके भारत स्थित साथी दिल्ली-एनसीआर में टारगेट किलिंग और हमलों की साजिश रच रहे हैं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/21/ अप्रैल /2026