मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई से सटे मीरा-भाईंदर में भाजपा के नगरसेवक लक्ष्मण जंगम के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि जंगम ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, जुलाई 2022 में जंगम ने उसे मीरा रोड स्थित अपने कार्यालय में बुलाया था। वहीं उन्होंने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि उसके विरोध के बावजूद आरोपी ने कार्यालय, लॉज और अन्य जगहों पर भी उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए। तकरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया या पुलिस में शिकायत की, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। डर के कारण महिला लंबे समय तक चुप रही और मानसिक रूप से काफी परेशान रही। आखिरकार, उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। फ़िलहाल मीरा रोड पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है और सबूत जुटाने में लगी हुई है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा है और आरोपी नगरसेवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर टिकी है। संजय/संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस