21-Apr-2026
...


पत्रकारवार्ता : युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने साधा निशाना जबलपुर, (ईएमएस)। मप्र युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए मोदी सरकार की नीयत साफ नहीं है| महिलाओं को लोकसभा में 35 प्रतिशत आरक्षण देने का विधेयक पारित हो चुका है| अब उसमें सरकार परिसीमन का पेंच फंसाकर उसे पेचीदा बनाने की कोशिश कर रही है| केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार की महिला विरोधी मंशा को कांग्रेस जन-जन तक पहुंचायेगी| श्री घनघोरिया यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे| उन्होंने महिला आरक्षण बिल को लेकर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के अधिकारों के साथ छल कर रही है और उन्हें वास्तविक राजनीतिक भागीदारी से वंचित किया जा रहा है। यश घनघोरिया ने कहा कि भाजपा की नीतियां महिला विरोधी हैं और महिला आरक्षण बिल केवल दिखावे तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल के जरिए महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के बजाय इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण के नाम पर सरकार सिर्फ प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के संसद में दिए गए बयान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सदन में श्री गांधी ने महिला आरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा था कि महिलाओं को बराबरी का हक मिलना चाहिए और उन्हें निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल किया जाना जरूरी है। युवा कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि महिला आरक्षण बिल को प्रभावी और पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को वास्तविक अधिकार और प्रतिनिधित्व मिल सके। सुनील साहू / मोनिका / 21 अप्रैल 2026/ 05.56