राष्ट्रीय
21-Apr-2026


-आयोग किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध नई दिल्ली,(ईएमएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और भय-मुक्त माहौल में कराए जाएंगे। उन्होंने साफ किया कि चुनाव आयोग किसी भी प्रकार की अनियमितता या चुनावी कदाचार को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि आयोग का प्राथमिक उद्देश्य मतदाताओं में विश्वास पैदा करना और उन्हें बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई है, जिसमें संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाना, सुरक्षा बलों की तैनाती और शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करना शामिल है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि चुनाव प्रक्रिया में तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल किया जाएगा ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की संभावना को कम किया जा सके। पश्चिम बंगाल में चुनाव हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहे हैं। ऐसे में आयोग का यह बयान अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसका उद्देश्य न केवल चुनावी प्रक्रिया को सुचारू बनाना है, बल्कि राजनीतिक हिंसा और दबाव की घटनाओं को भी रोकना है। चुनाव आयोग ने कहा है कि सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर मिलेगा और आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। साथ ही मतदाताओं को किसी भी प्रकार की धमकी या प्रलोभन से बचाने के लिए विशेष निगरानी टीमों की तैनाती की जाएगी। कुल मिलाकर, आयोग का साफ कर दिया है कि आने वाले चुनावों में पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सिराज/ईएमएस 21अप्रैल26