-नेपाल की अर्थव्यवस्था तेज करने का प्रयास -कई देशों में साप्ताहिक भुगतान की व्यवस्था काठमांडू (ईएमएस)। नेपाल सरकार ने अर्थव्यवस्था में सुस्ती दूर करने और बाजार में मांग बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। अब सरकारी कर्मचारियों को हर 15 दिन में वेतन दिया जाएगा। पहले वेतन महीने में एक बार मिलता था, लेकिन नई व्यवस्था के तहत इसे दो हिस्सों में बांटकर पखवाड़े के आधार पर भुगतान किया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने संबंधित विभागों को इस प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि नियमित अंतराल पर वेतन मिलने से कर्मचारियों का खर्च बढ़ेगा, जिससे बाजार में नकदी प्रवाह बढ़ेगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। दुनिया के कई देशों जैसे अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड में पहले से ही साप्ताहिक या द्वि-साप्ताहिक वेतन भुगतान की व्यवस्था लागू है। नेपाल भी इसी मॉडल को अपनाकर आर्थिक सुधार की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। नंदिनी परसाई/21 अप्रैल 2026