अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में दिन-ब-दिन बढ़ती गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। ताज़ा मौसम आंकड़ों के अनुसार राजकोट शहर सबसे अधिक तापमान के साथ ‘हॉटस्पॉट’ के रूप में उभरकर सामने आया है। सोमवार को यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि आज इसके 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस स्थिति ने पूरे राज्य को मानो आग की भट्ठी में बदल दिया हो, ऐसी अनुभूति कराई है। इसी के साथ अहमदाबाद, वडोदरा और अमरेली प्रमुख शहरों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां तापमान 41 डिग्री को पार करने की आशंका है। वहीं गांधीनगर और डीसा क्षेत्रों में तापमान लगभग 40 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। दूसरी ओर, कच्छ और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद अधिक नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम राजस्थान की ओर सक्रिय हो रही एक मौसम प्रणाली के चलते राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, यह बारिश गर्मी से राहत दे पाएगी या नहीं, इस पर अभी स्पष्टता नहीं है। समुद्र तटीय क्षेत्रों में नमी बढ़ने से गर्मी और अधिक असहनीय महसूस हो सकती है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम विभाग ने लोगों को विशेष रूप से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है। गुजरात में जारी यह भीषण गर्मी फिलहाल लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। सतीश/21 अप्रैल