रामगढ़(ईएमएस)।रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ मंगलवार को उस समय दहशत में आ गया, जब दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलर्स दुकान में घुसकर करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण और नगदी की डकैती को अंजाम दे दिया।घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और कुछ ही देर में घटना स्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे पांच से छह की संख्या में अपराधी बाइक से रजरप्पा मोड़ पहुंचे। अपराधियों ने पहले उत्तम ज्वेलर्स में प्रवेश कर आभूषण देखने का बहाना किया, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली।इसके बाद वे शिवनारायण ज्वेलर्स पहुंचे, जहां भी दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।अंततः अपराधियों ने बगल में स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स को निशाना बनाया।दुकान में प्रवेश करते ही अपराधियों ने व्यवसायी विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने को कहा।इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए उन्होंने विष्णु वर्मा पर पिस्टल तान दी और उन्हें डराकर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नगदी लूटने लगे।बताया जाता है कि अपराधियों ने कुछ ही मिनटों में लाखों रुपये के गहने और नगदी अपने कब्जे में कर लिए। इसी बीच, विष्णु वर्मा के छोटे भाई विवेक वर्मा ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। उन्होंने दुकान के बाहर से ग्रिल बंद करने का प्रयास किया, जिससे अपराधियों को बाहर निकलने में परेशानी हो। हालांकि, इस दौरान तीन से चार अपराधी लूट का सामान लेकर भागने में सफल हो गये, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से दो अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गये अपराधियों की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों अपराधियों को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, मोबाइल फोन और बाइक भी बरामद की है।बताते चले कि लगभग छह माह पूर्व विष्णु वर्मा के स्कॉर्पियो की चोरी कर ली गयी थी।इस मामले का अबतक उद्भेदन नहीं हो पाया है।घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच की।उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर व्यवसायियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।एसपी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।उन्होंने कहा कि जल्द ही फरार अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी। साथ ही लूटे गये आभूषण और नगदी की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।इस घटना के बाद चितरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कर्मवीर सिंह/21अप्रैल/26