खेल
22-Apr-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। आईपीएल में गुजरात टाइटंस टीम में शामिल वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने कहा है कि अब तक अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिलने से निराश नहीं हैं। होल्डर ने कहा है कि वह अपनी ओर से पूरी तरह तैयार हैं और जो भी अवसर मिलेगा उसमें बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करेंगे। होल्डर के अनुसार उनका मुख्य काम केवल अपने को तैयार रखना है। अंतिम ग्यारह में किसे अवसर मिलता है ये उसका काम नहीं है। वहीं होल्डर को अब तक अवसर नहीं मिलने से सभी हैरान हैं। इस सत्र में वह अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाये हैं। इस क्रिकेटर ने कहा , कब खेलना है, कौन खेलेगा इन बातों में वह नहीं पड़ते। उन्होंने जोर देकर कहा कि टीम की जरूरतें उनके लिए सबसे ऊपर हैं और वह किसी भी भूमिका के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। चाहे वह बल्लेबाजी क्रम में कोई भी स्थान हो या गेंदबाजी में , होल्डर का कहना है कि अब उनका ध्यान हालातों के अनुसार अपेन को ढालने पर है। टीम जहाँ भी उन्हें इस्तेमाल करेगी, वही उनके लिए सही भूमिका होगी। टाइटंस ने अब तक के मैचों में अन्य विदेशी खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है पर इस ऑलराउंडर को अवसर नहीं दिया है। हाल ही में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली हार के बाद टीम संयोजन में बदलाव की संभावना प्रबल हो गई है, जिससे होल्डर जैसे खिलाड़ियों को मौका मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। होल्डर ने बताया, हारना हमेशा कठिनहोता है, लेकिन हमने ड्रेसिंग रूम में बैठकर सुधार के रास्तों पर चर्चा की है। उन्होंने टीम के साथियों में भरोसा जताते हुए कहा कि वे अगले मैचों में निश्चित रूप से बेहतर प्रदर्शन करेंगे और उनका पूरा ध्यान अब मजबूत वापसी पर केंद्रित है। गिरजा/ईएमएस 22 अप्रैल 2026