नई दिल्ली (ईएमएस)। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे भारतीय मूल के यूएई के क्रिकेटर यश राज पुंजा ने पहले ही मैच में अपने अच्छे प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। यश राज को 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा था। यश राज ने अपने डेब्यू मैच में कोलकाता नाइटराइडराइडर्स (केकेआर) के खिलाफ उन्होंने चार ओवरों में एक विकेट लिया। यश राज के भाई योधिन ने भी यूएई की ओर से सबसे कम उम्र में जूनियर स्तर पर खेला है पर उसे चोटिल होने के कारण खेल छोड़ना पड़ा था। ऐसे में यश के माता-पिता नहीं चाहते थे कि वह क्रिकेट खेलें पर अपनी जिद से यश ने आईपीएल तक का सफर तय किया है। यश ने अबु धाबी में क्रिकेट खेलने की शुरुआत की थी। वह पहले तेज गेंदबाज थे पर बाद में भाई की सलाह के बाद लेग-स्पिनर बन गये। इससे उन्हें काफी फायदा हुआ। उनकी गेंदों में उछाल ओर विविधता है जिसका सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए परेशानी भरा है। यश साल 2023 में क्रिकेट में कैरियर बनाने भारत आ गये। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित राहुल द्रविड़ एकेडमी में प्रवेश ले लिया। दो साल के बाद ही साल 2025 में हुए महाराजा टी-20 ट्रॉफी में इस क्रिकेटर ने 10 मैच में 7.45 की इकॉनमी रेट से 23 विकेट लिए और दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गये। इसके बाद यश राज को नेट गेंदबाज के तौर पर आईपीएल में अवसर मिल गया। .जिस प्रकार से ये खिलाड़ी निखर रहा है उससे भविष्य में इसके स्टार खिलाड़ी के तौर पर उभरने की संभावना है। गिरजा/ईएमएस 22 अप्रैल 2026