रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के महादेवघाट क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खारुन नदी के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां इस घटना ने आसपास के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। प्राथमिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई होगी। इसके बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को नदी किनारे लाकर फेंक दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी गई है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग दहशत में हैं। - सत्यप्रकाश (ईएमएस) / 22 अप्रैल 2026