राष्ट्रीय
22-Apr-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली स्थित अमर कॉलोनी में एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की हत्या की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म को भी अंजाम दिया गया है। मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। फिलहाल, वह यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा हैं कि हत्यारे ने मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर लड़की की हत्या की है। परिजनों को वारदात के पीछे एक घरेलू सहायक के होने का अंदेशा जताया है। आरोप है कि घरेलू सहायक को करीब एक-डेढ़ महीने पहले काम से निकाल दिया था। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, मामले की जांच शुरू कर दी गई है। भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी पत्नी के साथ सुबह जिम गए थे। पुलिस के मुताबिक उनके जाने के बाद घरेलू सहायक आया था। इसके बाद पति-पत्नी लौटे, तब उन्होंने बेटी को मृत पाया। घरेलू सहायक बीते कई दिनों से फरार था। स्वजन ने पुलिस को सूचित किया और मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंची। मौके से साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं। सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि हत्या से पहले मारपीट भी की गई है। घरेलू सहायक राहुल मीणा राजस्थान निवासी बताया जा रहा है। शुरुआती छानबीन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तब पार्किंग और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज में घरेलू सहायक राकेश मीणा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को उस पर ही शक है। बताया जा रहा है कि आरोपित घर में खरीदकर आने वाले सामान के दामों में हेराफेरी करता था। परिवार को जब उसकी इस चोरी का पता चला, तब उस काम से हटा दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित ने बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित अच्छी तरह से जानता था कि पति-पत्नी सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच जिम के लिए निकलते थे। पुलिस ने अब तक एक कार क्लीनर और घर में काम करने वाले एक अन्य नौकर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। आशीष दुबे / 22 अप्रैल 2026