-तमिलनाडु की सभी 234 और पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर डलेंगे वोट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम कोलकाता/चेन्नई(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 और तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर गुरूवार को मतदान होंगे। चुनाव आयोग ने दोनों राज्यों में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं, साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इस चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार मैदान में हैं। तीन करोड़ सात लाख 77 हजार 171 मतदाता इस चरण में मतदान के लिये पात्र हैं। इनमें एक करोड़ 84 लाख 99 हजार 496 पुरूष मतदाता, एक करोड़ 75 लाख 77 हजार 210 महिला मतदाता और 400 किन्नर मतदाता हैं। राज्य में इस बार महिलाओं की भागीदारी को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरक्षण और सामाजिक मुद्दों के बीच महिला वोटर्स चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकती हैं। पहले चरण में उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र के कई जिले शामिल हैं, जिनमें मुर्शिदाबाद, कूचबिहार, दार्जिलिंग, मालदा, बीरभूम, पुरुलिया और बांकुड़ा जैसे जिले प्रमुख हैं। तमिलनाडु में एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान तमिलनाडु में सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। इस बार 4,023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और करीब 5.73 करोड़ मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) पर खास नजरें हैं। कई सीटों पर उन्हें मिल रहे समर्थन के चलते उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। तमिलनाडु में लोकतंत्र के इस बड़े त्योहार में 5.73 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे। इस चुनाव में राजनीतिक दलों और निर्दलीयों सहित कुल 4,618 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूरे तमिलनाडु में लगभग 75,032 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 3,022 स्थानों पर स्थित 5,938 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की रिकॉर्ड 2,450 कंपनियां तैनात की हैं। यानी करीब 2.5 लाख सुरक्षाकर्मी। आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए 8,000 से अधिक मतदान केंद्रों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया है। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों के अलावा सर्विलांस टीमें और 2,193 क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं तमिलनाडु में पुलिस, अर्धसैनिक बल, अग्निशमन विभाग, जेल विभाग, वन विभाग, होमगार्ड और सेवानिवृत्त सैनिकों सहित लगभग 1.47 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, केंद्रीय सुरक्षा बलों की लगभग 295 कंपनियों से करीब 23,000 अर्धसैनिक जवान तमिलनाडु पहुंचे हैं। इसमें 26,203 इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, विशेष सब-इंस्पेक्टर और 94,598 हेड कांस्टेबल व पुलिसकर्मी शामिल हैं। विनोद उपाध्याय / 22 अप्रैल, 2026