:: अभय प्रशाल में भाव्यांशी और अनिका भी चमकीं; सेमीफाइनल मुकाबलों में दिखा युवा खिलाड़ियों का दम :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित सत्र की प्रथम इंदौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा अब अपने चरम पर पहुँच गई है। अभय प्रशाल में खेली जा रही इस स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने अपनी चपलता और सटीक प्रहारों से खिताबी मुकाबले की राह तैयार की। बालक अंडर-11 आयु वर्ग के सेमीफाइनल में कियान इंगले ने आर्यन गुप्ता को सीधे गेमों में 3-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में अबिर सोनगरा ने रेयांश भंडारी के विरुद्ध कड़ा संघर्ष करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की। बालिका वर्ग में भी उत्साह का माहौल रहा, जहाँ भाव्यांशी सोनी ने दिशा रघुवंशी को 3-0 से और अनिका माहेश्वरी ने सिद्धि दुबे को 3-0 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया। स्पर्धा के बालक अंडर-13 आयु वर्ग में भी खिलाड़ियों के बीच श्रेष्ठता की जंग देखने को मिली। इस वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में आराव कासठ ने आर्यन ठाकुर को 3-1 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की, जबकि पुण्यांश जैन ने साकार भार्गव पर 3-0 की आसान जीत दर्ज कर खिताबी भिड़ंत के लिए अपना दावा मजबूत किया। इससे पूर्व बालक अंडर-11 वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में आर्यन गुप्ता ने रचित जोशी को 3-2 से, कियान इंगले ने कियान मेहता को 3-0 से, अबिर सोनगरा ने अयान डगरिया को 3-2 से और निर्वाणा पराशर ने रेयांश भंडारी को 3-1 से हराकर अंतिम चार में स्थान बनाया था। :: क्वार्टर फाइनल में कड़ा संघर्ष :: बालिका अंडर-11 क्वार्टर फाइनल में दिशा रघुवंशी ने अनुष्का हजारी को 3-0 से, भाव्यांशी सोनी ने अनिका राठौर को 3-0 से, सिद्धि दुबे ने ईवा खान को 3-1 से और अनिका माहेश्वरी ने अनिंदिता को 3-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल का सफर तय किया। इसी तरह बालक अंडर-13 क्वार्टर फाइनल में आर्यन ठाकुर ने कियान इंगले को, आराव कासठ ने विकास गुप्ता को, पुण्यांश जैन ने विवान जजोदिया को और साकार भार्गव ने रेयांश भंडारी को सीधे गेमों में परास्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। :: अंडर-15 वर्ग में पार्थ और दिव्याना की जीत :: स्पर्धा के अंडर-15 वर्ग में भी शुरुआती दौर के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। बालक वर्ग में पार्थ माहेश्वरी, साकार भार्गव, अथर्व जैन, आर्यन ठाकुर और शौर्य कोठारी ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं बालिका अंडर-15 वर्ग में दिव्याना जैन ने रितन्या गुप्ता को, अनिका माहेश्वरी ने हनु धनोतिया को, नेहल नाहर ने क्षितिजा सिंह को और सान्वी सिंघल ने झाहरा सैफी को हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। अभय प्रशाल में आयोजित इस स्पर्धा में खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने इंदौर टेबल टेनिस के उज्ज्वल भविष्य की नई उम्मीदें जगा दी हैं। प्रकाश/22 अप्रैल 2026