:: प्रशिक्षण कार्यशाला : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कार्यकर्ताओं से कहा- जनता के बीच ले जाएं अंत्योदय का संकल्प :: इंदौर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी की शक्ति उसके सत्ता के गलियारों में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की विचारशीलता, अटूट क्षमता और वैचारिक समर्पण में निहित है। एक वैचारिक रूप से प्रखर और सांगठनिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही उस नींव का पत्थर है, जिस पर भाजपा के अजेय संगठन की अट्टालिका खड़ी है। यह प्रभावी विचार भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बुधवार को यहाँ व्यक्त किए। वे डेली कॉलेज परिसर में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत पश्चिम मध्य क्षेत्र (मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, दमन-दीव एवं मुंबई) की वक्ता प्रशिक्षण कार्यशाला के मुख्य सत्र को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को सांगठनिक निष्ठा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल अपने कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ के बल पर बना है। जिला प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से हम प्रत्येक स्तर पर कार्यकर्ताओं की नेतृत्व क्षमता को और विकसित करेंगे। हमारा लक्ष्य केवल चुनावी विजय नहीं, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की मूल विचारधारा और नीतियों का सजग प्रहरी बनाना है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का स्मरण करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराते हुए कष्ट झेलना और राष्ट्रहित में अडिग रहना ही भाजपा की पहचान है। :: राष्ट्र प्रथम का भाव और सेवा का संकल्प : मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा अन्य दलों की तरह केवल सत्ता प्राप्ति के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि हमारे लिए सत्ता अंत्योदय और जन-सेवा का पवित्र माध्यम है। उन्होंने इंदौर की पुण्यधरा और लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को गौरवशाली भारतीय दर्शन से जुड़ने की सीख दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुँचाएँ। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, तीन तलाक की समाप्ति और राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों की चर्चा की। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने और हेलीकॉप्टर एंबुलेंस जैसी अभिनव सेवाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निखारने की वह पाठशाला है, जहाँ से वे एक बेहतर स्वयंसेवक बनकर निकलते हैं। :: संवाद की निरंतरता से बढ़ेगा आत्मविश्वास :: प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सांगठनिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश के 1313 मंडलों में प्रशिक्षण का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और संवाद की प्रक्रिया ही किसी भी संगठन को जीवंत बनाए रखती है। वरिष्ठ नेता डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने इसे प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण बताते हुए कहा कि भाजपा का 75 वर्षों का संगठन शास्त्र ही उसे विश्व का सबसे विशिष्ट दल बनाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से जनता के बीच भाजपा के दृष्टिकोण को स्पष्ट करें। :: छह राज्यों के प्रतिनिधियों का इंदौर में समागम :: इस वृहद् कार्यशाला में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गोवा, दमन-दीव और मुंबई के लगभग 348 वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। मंच पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र चव्हाण सहित शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में इंदौर जिला अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में प्राप्त प्रशिक्षण के आधार पर ये वक्ता अब अपने-अपने राज्यों के जिला स्तर पर आयोजित होने वाले वर्गों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। प्रकाश/22 अप्रैल 2026