क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। शहर के मरीन ड्राइव के पास शादी समारोह से लौट रहे लोगों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को हत्या के प्रयास और बलवा सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कालिंदी कुंज निवासी चाहत जैन ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान शनिमंदिर मरीन ड्राइव के पास तुर्कापारा के कुछ युवक सड़क पर वाहन खड़ा किए हुए थे। पीड़ित पक्ष द्वारा वाहन हटाने को कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान चाहत जैन सहित शिवम बघेल, सागर बघेल, सुमित दास महंत और ऋषभ चौहान को गंभीर चोटें आईं। हमले में बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और डंडों का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद वार्ड पार्षद त्रिनिशा चौहान सहित अन्य लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से नाराज महापौर जीवर्धन चौहान समर्थकों के साथ सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त किया गया। पुलिस ने प्रारंभ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, जिसे बाद में चोटों की गंभीरता को देखते हुए और कड़ी धाराओं में परिवर्तित किया गया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मीत वर्मा, रोहन यादव, समीर खान, शेख मोहम्मद अफताब समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 अप्रैल 2026