23-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरगांव (पूर्व) में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक्स्टेसी पिल्स के सेवन से दो एमबीए छात्रों की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार शाम 11वीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जिया जैकब (33) को उल्हासनगर स्थित उसके आवास से हिरासत में लिया गया। पुलिस जांच में सामने आए मनी ट्रेल के आधार पर जिया जैकब की गिरफ्तारी की गई है। वनराई पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि मुख्य आरोपी आयुष साहित्य और अन्य से पूछताछ के दौरान यह पता चला कि जिया जैकब के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। पुलिस ने उसके बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसे कुल कितनी रकम मिली है। गौरतलब है कि 11 अप्रैल को आयोजित इस म्यूजिक कॉन्सर्ट में शामिल 25 एमबीए छात्रों के समूह में से एक 28 वर्षीय युवक और एक 24 वर्षीय युवती ने एक्स्टेसी पिल्स का सेवन किया था, जिनकी अगले दिन मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस अब तक 40 से अधिक लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है, जिनमें कॉन्सर्ट में शामिल छात्र और अन्य गवाह शामिल हैं। वहीं, मंगलवार को पुलिस ने आयुष साहित्य की बहन को भी पूछताछ के लिए बुलाया था, क्योंकि जांच में सामने आया कि एक अन्य आरोपी विनीत गेरेलानी ने कॉन्सर्ट के दौरान उसे पैसे ट्रांसफर किए थे। पुलिस अब उस बड़े ड्रग सप्लायर की तलाश में जुटी है, जिससे आयुष साहित्य के संपर्क में होने की बात सामने आई है। इस संबंध में एक व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। संजय/संतोष झा-२३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस