नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली के गणेश नगर एक्सटेंशन-2 इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 70 वर्षीय प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सेवानिवृत्त अधिकारी का शव उनके ही घर से सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दो से तीन दिन पहले हो चुकी थी। जिसके चलते शव सड़ने लगा। मृतक की पहचान श्री चंद के रूप में हुई है, जो अपने मकान के ग्राउंड फ्लोर पर अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा और अन्य स्वजन ऊपरी मंजिलों पर रहते थे। पुलिस के अनुसार परिवार के सदस्यों से उनकी बातचीत नहीं होती थी और लंबे समय से वे सामाजिक रूप से अलग-थलग थे। घटना का पता तब चला जब सुबह पड़ोसियों ने घर से तेज दुर्गंध आने की शिकायत की। सूचना मिलने पर स्वजन ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां श्री चंद का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शकरपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक की पत्नी की मौत के बाद से वह काफी समय से अकेले रह रहे थे। उनकी देखभाल के लिए एक घरेलू सहायक आती थी, लेकिन हाल के दिनों में वह छुट्टी पर थी, जिसके कारण उनकी नियमित देखरेख नहीं हो पा रही थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/25/ अप्रैल /2026