कांकेर (ईएमएस)। दूरस्थ पहाड़ियों में बसे मर्दापोटी पंचायत के आश्रित ग्राम मर्रापी में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में अहम पहल की गई है। जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर द्वारा 15वें वित्त मद से गांव को पानी टैंकर उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। करीब 250 की आबादी वाले इस दुर्गम गांव में लंबे समय से पानी की कमी बनी हुई थी। खासकर शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद अब पानी टैंकर मिलने से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होने की उम्मीद है। इस अवसर पर राजीव गांधी पंचायती राज मिशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष महेंद्र नेताम की मौजूदगी में संविधान की प्रस्तावना का वाचन भी किया गया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच राजेश भास्कर, उपसरपंच, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने टैंकर के रखरखाव की जिम्मेदारी लेने की बात कही और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। - ईएमएस / 23 अप्रैल 2026