क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- बरगी के सालीवाडा गांव की घटना : विवाह समारोह में शामिल होने पहुंची थी तीनों जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर शहर से लगभग 20 किमी दूर बरगी सालीवाडा में गुरुवार को पूर्वान्ह लगभग 11 बजे बडा हादसा हो गया। यहां बरगी नहर में नहाने गईं तीन लडकियां नहाते समय अचानक पानी के तेज बहाव में देखते ही देखते बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कें साथ ही होमगार्ड की टीम और स्थानीय ग्रामीण बच्चियों की तलाश में जुट गए। समाचार ‎लिखे जाने तक अधिकारियों की टीम की मौजूदगी में रेस्क्यू जारी है। तीनों बालिकाएं आपस में चचेरी बहन बतायी जाती हैं। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बरगी के सालीवाड़ा गांव के पटैल परिवार में विवाह समारोह आयोजित था जिसमें अन्य ‎रिश्तेदारा के साथ जबलपुर गौर थानांतर्गत कोसमघाट निवासी 14 साल की तनु पटैल, बिलहरी के कटियाघाट की रहने वाली 16 वर्षीय शीतल पटैल व जबलपुर मेडीकल के समीप सगडा की निवासी 14 वर्षीय सानिया पटेल दो अन्य लडकियों के साथ गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे समीप ही स्थित नहर में नहाने गई थीं। यहां नहाते समय तीनों पानी की तेज धारा की चपेट में आ गईं। बाकी दो बच्चियों ने उन्हें गहरे में बहता देख शोर मचाया जिस पर आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों बच्चियाँ गहराई में समा गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुँच गई है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लापता बच्चियों की तलाश की जा रही है। बहरहाल घटना के बाद से समाचार ‎लिखे जाने तक तीनों की तलाश जारी थी। अजय पाठक / मोनिका / 23 अप्रैल 2026/ 03.11