- पटना नारकोटिक्स विभाग के पांच सदस्यीय टीम ने किया छापेमारी मधुबनी (ईएमएस)। बिहार के मधुबनी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडौल थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया एवं डीह टोल से करीब 7 क्विंटल गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा का अनुमानित मूल्य लगभग दो करोड़ रुपया बताया जा रहा है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना नारकोटिक्स विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडौल इंडस्ट्रियल एरिया और पंडौल डीह टोल के समीप गांजे की बड़ी खेप उतारी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद विभाग ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 700 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मौके पर मौजूद तीन तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया। उनसे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय नशा तस्करी गिरोह के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। जानकारी के अनुसार नारकोटिक्स विभाग के इंस्पेक्टर विनीत कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने पंडौल थाना के पुलिस के सहयोग से छापेमारी किया। नारकोटिक्स विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, इस बड़ी सफलता के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। - २३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस