क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- लालपुर डैम की घटना : पुलिस जांच में जुटी जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के खमरिया थाना क्षेत्रांतर्गत ललपुर डेम के एक किनारे पर पांच दिन से लापता युवक का शव मिला जिसे मगरमच्छ अपना निवाला बना रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत युवक की पहचान खमरिया घाना निवासी हिमांशु मोहबिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हिमांशु का पांच दिन पहले अपनी पत्नी से किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद वह घर से निकल गया था और तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने तलाश में असफलता हाथ लगने के बाद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक कल कुछ स्थानीय लोगों ने लालपुर डैम में एक मगरमच्छ को पानी के किनारे पड़े एक शव को अपना निवाला बनाते देखा। यह दृश्य देखकर लोगों ने तत्कल पुलिस को सूचना दी। उक्त सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को दूर भगाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डैम में मगरमच्छ एक शव को खा रहा है, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। युवक ने आत्महत्या की या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है। बहरहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। अजय पाठक / मोनिका / 23 अप्रैल 2026/ 03.34