पूर्णिया (ईएमएस)। बिहार के पूर्णिया में पुलिस वर्दी में सोशल मीडिया पर रील बनाकर पोस्ट करने के मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित एसओपी के उल्लंघन के कारण की गई। पूर्णिया पुलिस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में बताया गया कि पूर्णिया शहरी क्षेत्र की महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पुलिस वर्दी में रील बनाकर साझा किया था। यह कृत्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के विपरीत पाया गया। इस उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए पूर्णिया की पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत द्वारा तत्काल प्रभाव से संबंधित महिला थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, जिले के सभी पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। पूर्णिया पुलिस ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि अनुशासन और नियमों का पालन सर्वोपरि है तथा किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - २३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस