क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


- 41 हजार जमा करने के बाद मिली मौत की खबर। गुना (ईएमएस)। शहर के हड्डी मील क्षेत्र में गत शाम हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने जहां एक परिवार का चिराग बुझा दिया, वहीं निजी अस्पताल के प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नानाखेड़ी मंडी से काम निपटाकर अपने गांव लौट रहे 24 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने युवक की मौत की जानकारी छिपाकर उनसे हजारों रुपए ऐंठ लिए। ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के तिल्ली खेड़ा निवासी संजीव अहिरवार (24) नानाखेड़ी की एक निजी फर्म में सेल्समैन था। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी हड्डी मील के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घायल संजीव को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप, पैसे जमा करने के बाद सौंपा शव मृतक के भाई प्रेमनारायण ने अस्पताल प्रबंधन पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर रात भर स्थिति को लेकर गुमराह करते रहे। सुबह 6 बजे तक भाई को कहीं ले जाने नहीं दिया गया और प्रबंधन ने पहले 41 हजार रुपए जमा करने का दबाव बनाया। जैसे ही परिजनों ने राशि जमा की, डॉक्टरों ने संजीव को मृत घोषित कर शव ले जाने को कह दिया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर पैसों की खातिर मौत की सूचना छिपाने का आरोप लगाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। गुरुवार सुबह पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।।