क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बेसबॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। 14 व 17 वर्ष आयु वर्ग की बालक-बालिका चारों टीमों ने दमदार खेल दिखाते हुए फाइनल तक का सफर तय किया और अंतत: रजत पदक अपने नाम किए। 16 से 22 अप्रैल तक दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की सभी चारों टीमों ने अपने-अपने पूल में एक भी मैच नहीं हारा। शानदार प्रदर्शन के दम पर सभी टीमों ने पूल टॉप करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में भी टीमों ने एकतरफा जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां खिलाडिय़ों ने अपना दबदबा कायम रखा। सेमीफाइनल में दिखा दम, बड़े राज्यों को हराया अंडर-14 बालक: चंडीगढ़ को 3-0 से हराया अंडर-14 बालिका: चंडीगढ़ को 8-1 से मात अंडर-17 बालक: महाराष्ट्र को 5-0 से हराया अंडर-17 बालिका: महाराष्ट्र को 7-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश फाइनल में दिल्ली से कड़ा मुकाबला, चारों टीमों को सिल्वर फाइनल मुकाबलों में छत्तीसगढ़ की टीमों ने दिल्ली को कड़ी टक्कर दी, लेकिन मामूली अंतर से हार का सामना करना पड़ा— अंडर-14 बालिका: 2-1 से हार अंडर-14 बालक: 5-2 से हार अंडर-17 बालक: 1-0 से हार अंडर-17 बालिका: 6-5 के रोमांचक मुकाबले में हार चारों टीमों ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। बिलासपुर कैंप बना सफलता की नींव राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले 11 से 13 अप्रैल तक बिलासपुर के छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इस दौरान खिलाडयि़ों को फिटनेस, रणनीति और मानसिक मजबूती पर खास ट्रेनिंग दी गई, जिसका असर मैदान पर साफ दिखाई दिया। कोचिंग स्टाफ और खिलाडयि़ों को बधाइयों की बौछार टीम के कोच व मैनेजर अख्तर खान, दिनेश वर्गीस, चेतना देवलिया, संदीप गाहिरे, नेहा यादव, अंजलि खलको, आकृति श्रीवास्तव और ऋतु पटेल के मार्गदर्शन में खिलाडयि़ों ने यह उपलब्धि हासिल की। प्रदेश बेसबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल, महासचिव मिताली घोष, उपाध्यक्ष डॉ. कैरोलीन सत्तुर सहित क्रीड़ा अधिकारी और खेल शिक्षकों ने टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। गोल्ड से चूके, लेकिन प्रदर्शन ने बढ़ाया भरोसा छत्तीसगढ़ की टीम भले ही स्वर्ण पदक से चूक गई, लेकिन जिस आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ खिलाडयि़ों ने प्रदर्शन किया, उसने भविष्य में गोल्ड की मजबूत उम्मीद जगा दी है। - 23 अप्रैल 2026