राज्य
23-Apr-2026
...


पटना, (ईएमएस)। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने स्पष्ट किया कि राज्य में सरकार भले नई बनी हो, लेकिन उसकी नीतियों और विकास की दिशा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही आगे बढ़ रही है। गुरुवार को जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सरकार विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने को पूरी तरह आश्वस्त है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा विश्वास मत का प्रस्ताव विधिवत रूप से विधानसभा सचिवालय को सौंपा जा चुका है और सदन में मजबूत बहुमत मिलने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार नीतीश कुमार के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में गठित हुई है, इसलिए बहुमत को लेकर किसी तरह की अनिश्चितता नहीं है। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कई बार स्पष्ट किया है कि सरकार का मुख्य उद्देश्य नीतीश कुमार की विकासपरक नीतियों को आगे बढ़ाना है। विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की ऐतिहासिक यात्रा तय की है और जनता का निरंतर समर्थन एनडीए के प्रति विश्वास को दर्शाता है। सरकार इसी जनादेश के अनुरूप जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद एनडीए की सर्वसम्मति से सम्राट चौधरी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का खजाना खाली होने की बात पूरी तरह निराधार है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में बिहार की वित्तीय व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और मजबूत है, जबकि राजद शासनकाल में वित्तीय स्थिति कमजोर थी। इसके अलावा उन्होंने निशांत कुमार की प्रस्तावित यात्रा को सकारात्मक पहल बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में इसे लेकर उत्साह है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि इस यात्रा को लेकर की जा रही टिप्पणियां पूरी तरह राजनीतिक हैं, जबकि जदयू की जनसंपर्क यात्राओं का लाभ जनता को मिलता रहा है। इस मौके पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, अनिल कुमार और प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी भी मौजूद रहे। संतोष झा-२३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस