गिरिडीह(ईएमएस)।उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी सरकारी भवनों को प्राथमिकता के आधार पर पीएम सूर्यघर योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया, ताकि सरकारी स्तर पर भी सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिल सके और आम जनता को इसके प्रति प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पहल ऊर्जा संरक्षण के साथ-साथ सरकारी व्यय में भी कमी लाने में सहायक सिद्ध होगी। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सोलर ऊर्जा के महत्व एवं इसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में जानकारी दें।उप विकास आयुक्त ने यह भी जानकारी दी कि जिन पंचायतों एवं गांवों में इस योजना का उत्कृष्ट एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, उन्हें सरकार द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि संबंधित पंचायतों के समग्र विकास, आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं अन्य जनहितकारी कार्यों में उपयोगी साबित होगी।उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजनों को योजना के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को जिले में सफल बनाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। कर्मवीर सिंह/23अप्रैल/26