:: स्वामी विशोकानंद भारती के सानिध्य में गूंजेंगे डॉ. विकास दवे के ओजस्वी विचार :: इंदौर (ईएमएस)। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास की मेजबानी में भगवान परशुराम जयंती महोत्सव के पावन प्रसंग पर आगामी 10 मई को श्री परशुराम यशोगाथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम के पवित्र परिसर में सायं 7:30 बजे से आयोजित होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में भगवान परशुराम और राष्ट्र आराधना जैसे प्रासंगिक विषय पर विद्वानों के विचार गूंजेंगे। इस आध्यात्मिक आयोजन में महानिर्वाणी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानन्द भारती महाराज का पावन सानिध्य एवं मुख्य आतिथ्य प्राप्त होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मप्र साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे होंगे, जो भगवान परशुराम के अलौकिक जीवन चरित्र और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर अपना प्रेरक व्याख्यान देंगे। न्यास के अध्यक्ष पं. दिनेश शर्मा एवं महामंत्री सुरेश शर्मा काका ने बताया कि भगवान परशुराम के जयंती अवसर पर प्रतिवर्ष उनके व्यक्तित्व पर केंद्रित व्याख्यान आयोजित करने की गौरवशाली परंपरा न्यास द्वारा निभाई जा रही है। इसी कड़ी में इस बार डॉ. विकास दवे विप्र समाज और श्रद्धालुओं को भगवान परशुराम से जुड़े प्रेरक और तथ्यात्मक प्रसंगों से अवगत कराएंगे। न्यास के पदाधिकारियों ने समाज के प्रबुद्ध जनों और विशेषकर विप्र समाज से आग्रह किया है कि वे अपने आराध्य के जीवन दर्शन को आत्मसात करने के लिए इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाएं। आयोजन की व्यापकता को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए समुचित बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और वाहन पार्किंग के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि अपरिहार्य कारणों से इस कार्यक्रम की तिथि में परिवर्तन किया गया है। पूर्व में यह व्याख्यान 26 अप्रैल को होना निश्चित था, जो अब 10 मई, रविवार को आयोजित होगा। न्यास के पदाधिकारियों ने विप्र बंधुओं से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस बौद्धिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान को सफल बनाएं। प्रकाश/23 अप्रैल 2026