सिरोंज (ईएमएस)। क्षेत्र के किसानों द्वारा बुधवार को खेती-किसानी से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन कृषि एवं ग्रामीण मज़दूर संघ जिला अध्यक्ष मोहन रघुवंशी ने किया। जिसमें किसानों ने मांग कि वर्तमान समय में किसान आर्थिक, प्रशासनिक और तकनीकी परेशानियों से जूझ रहे हैं, जिससे खेती करना लगातार कठिन होता जा रहा है। ज्ञापन में किसानों ने प्रमुख रूप से खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता, नकली खाद व अधिक कीमत वसूलने वालों पर सख्त कार्रवाई, समर्थन मूल्य पर खरीदी में आ रही समस्याओं का समाधान तथा तुलाई में हो रही देरी समाप्त करने की मांग रखी। किसानों ने चना एवं मसूर खरीदी में मिश्रित दानों को 2 प्रतिशत तक स्वीकार करने, खरीदी केंद्रों पर बारदाना उपलब्ध कराने और अधिक वजन की बोरियों पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की। किसानों ने कहा कि खरीदी केंद्रों पर पानी, छांव, कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नंबर की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा फसल विक्रय के अधिकतम 7 दिन के भीतर भुगतान किसानों के खातों में जमा कराया जाए। साथ ही खरीद पर्ची भी तत्काल उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। ज्ञापन में सीसीबी बैंक सिरोंज में किसानों के लिए भुगतान प्रक्रिया सरल करने, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण राशि का री-पेमेंट 30 अप्रैल तक सुनिश्चित करने तथा आगजनी से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा किसानों ने ग्रीष्मकालीन फसलों के लिए दिन में पर्याप्त बिजली आपूर्ति, भूमि सीमांकन एवं अतिक्रमण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, नरवाई जलाने के मामलों में दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जागरूकता आधारित समाधान तथा सहकारी समितियों एवं पैक्स संस्थाओं का संचालन मुख्यालय स्तर पर नियमित करने की मांग की। किसानों ने प्रशासन से हर तीन माह में किसान संगठनों, उन्नतशील किसानों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित करने की मांग भी की, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई कर राहत प्रदान करने की मांग की है। इसदौरान सुरेन्द्र रघुवंशी, राकेश रघुवंशी, अरविंद रघुवंशी, संजय रघुवंशी, रजत गौड़, धर्मेन्द्र रघुवंशी, रामदयाल विश्वकर्मा, एस आर शर्मा, मुख्य रूप से उपस्थित रहे। ईएमएस/सलमान खान/ 23 अप्रैल 2026