क्षेत्रीय
23-Apr-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जनगणना-2027 के तहत बालाघाट जिले में स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर मृणाल मीना के मार्गदर्शन में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 23 अप्रैल को बालाघाट ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम हट्टा एवं भरवेली में स्व-गणना हेतु विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों में इस प्रक्रिया को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्राम हट्टा में आयोजित शिविर में तहसीलदार छवि पंत की उपस्थिति में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंच, पंच एवं गणमान्य नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान दोपहर तक 25 लोगों ने ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म भरकर सहभागिता दर्ज कराई। स्व-गणना की सरल ऑनलाइन प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली और वे अपने एंड्रॉयड मोबाइल के माध्यम से अन्य लोगों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसी प्रकार ग्राम भरवेली में नायब तहसीलदार मंजुला महोबिया की उपस्थिति में शिविर आयोजित किया गया। यहां भी ग्रामीणों को जनगणना-2027 में सक्रिय भागीदारी निभाने और ऑनलाइन स्व-गणना कर एसई आईडी प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया। शिविरों में उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि जिन लोगों ने अभी तक ऑनलाइन स्व-गणना फॉर्म नहीं भरा है, वे शीघ्र इसे पूरा करें। 1 मई से प्रारंभ होने वाले प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं गणना’ में सभी का सहयोग आवश्यक है। स्व-गणना पूरी करने पर प्राप्त एसई आईडी को 1 से 30 मई के बीच प्रगणक के भ्रमण के दौरान साझा करना अनिवार्य होगा, जिसके सत्यापन के बाद ही गणना प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि स्व-गणना प्रक्रिया पूरी तरह ऐच्छिक है। यदि कोई नागरिक स्वयं जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो प्रगणक निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर 33 निर्धारित प्रश्नों के आधार पर आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इसमें मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार की परिसंपत्तियों से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। इस बार की जनगणना में आधुनिक डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। पहली बार मोबाइल ऐप के माध्यम से बड़े पैमाने पर डेटा संकलन किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूकता और सक्रिय सहभागिता के साथ इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। भानेश साकुरे / 23 अप्रैल 2026