चेन्नई(ईएमएस)। बिकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड के संस्थापक शिव रतन अग्रवाल का गुरुवार को निधन हो गया। यह खबर न केवल उद्योग जगत के लिए एक बड़ा झटका है। कंपनी ने इसकी जानकारी एक्सचेंज फाइलिंग में दी है। सूत्रों के हवाले से बताया, 74 वर्षीय अग्रवाल ने बेचैनी की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। सूत्रों ने बताया कि उनकी पत्नी की हाल ही में हार्ट बाईपास सर्जरी हुई थी और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी, जिसके चलते अग्रवाल चेन्नई में ही रुके हुए थे। बीकानेर के सरदूलगंज निवासी अग्रवाल ने 1993 में ‘बिकाजी’ ब्रांड की नींव रखी थी। एक छोटे से उद्यम के रूप में शुरू हुआ यह सफर आगे चलकर एक विशाल फूड ब्रांड में तब्दील हो गया, जो भारत और विदेशों में, विशेष रूप से अपनी ‘बीकानेरी भुजिया’ के लिए बेहद लोकप्रिय है। विनोद उपाध्याय / 23 अप्रैल, 2026